मुबई के 10 मशहूर दिल्लीवाले
मुंबई के छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पर लगी है शाहरूख खान की एक बड़ी सी फोटो। इसमें शाहरुख खान एक प्रोड्क्ट के ब्रांड एंबेसेडर के रूप में दिखाई दे रहे हैं। वे सन 1991 में ट्रेन से मुंबई पहुंचे थे, फिल्मों में किस्मत आजमाने। इन तीन दशकों के दौरान शाहरूख खान बन चुके हैं किंग खान। मुंबई के टैक्सी ड्राइवर आपको उनका बंगला दिखा ही देते हैं अगर आप बांद्रा के आसपास सफर कर रहे हैं।
जिस साल शाहरूख खान मुंबई गए थे उसी साल 1983 के वर्ल्ड कप के हीरो और अपने पिता लाला अमरनाथ से पंचकुईया रोड में क्रिकेट की बारीकियों को सीखने वाले मोहिन्दर अमरनाथ मुंबई शिफ्ट कर गए थे।
मुंबई में रोज सैकड़ों लोग तमाम ख्वाबों के साथ पहुंचते हैं। उनमें दिल्ली वाले भी होते हैं। उन दिल्ली वालों में से कइयों ने अपने हिल्से के आसमान को छुआ है। उन्हें मुंबई ने अवसर दिए और उन्होंने मुंबई को समृद्ध किया। इस बीच, शादी के बाद पश्चिम विहार की एलआईसी कॉलोनी का मुंडा चीकू यानी भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान विराट कोहली भी मुंबई के वर्ली में रहने लगा बेटी और पत्नी के साथ।
पंजाबी हार्टलैंड नारायणा विहार में गुजरा लेखक और उपन्यासकार चेतन भगत का बचपन। यहां से ही वे जाते थे धौला कुआं के आर्मी पब्लिक स्कूल में। एक अरसे से मुंबईकर हो गए चेतन भगत के विचारों से असहमति हो सकती है। लेकिन उन्हें नजर अंदाज करना संभव नहीं है। नई दिल्ली के सबसे बड़े ठेकेदार सोबा सिंह के पौत्र राहुल सिंह को मुंबई में बसे हुए एक अरसा हो चुका है। खुशवंत सिंह के पुत्र राहुल सिंह रीडर्स डाइजेस्ट और इंडियन एक्सप्रेस के संपादक रहे हैं।
.मुंबई के पैडर रोड पर है देश की सबसे बड़ी स्टील कंपनी जेएसड्ब्लू स्टील के चेयरमेन सज्जन जिंदल का राजसी बंगला। वे आईपीएल में भाग लेने वाली दिल्ली कैपिट्ल्स टीम के मालिक भी हैं। उनकी पढ़ाई-लिखाई तो दिल्ली में नहीं हुई पर उनके पिता ओ.पी.जिंदल 1970 के दशक से ही पृथ्वीराज रोड में रहने लगे थे। सज्जन जिंदल दिवाली अब भी दिल्ली अपनी मां सावित्री जिंदल के साथ पृथ्वीराज रोड के घर में ही मनाना पसंद करते हैं।
भारतीय जनता पार्टी के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग में बने नए मुख्यालय के नीचे दफन है मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी और महिन्द्रा यूनाइटेड तथा मोहन बागान के कोच रहे संतोष कश्यप का घर। गुजरे काफी समय से मुंबईकर हो चुके हैं सर्वोद्य विद्लाय, राउज एवेन्यूमें पढ़े संतोष कश्यप। उन्हें देश का बेहतरीन फुटबॉल कोच माना जाता है।
इस बीच,चितरंजन पार्क ए ब्लाक के लोगों को बीती काली पूजा में शांतनु मोइत्रा दिखाई नहीं दिए। उनके मम्मी-पापा अब भी सीआर पार्क रहते हैं। स्प्रिंगडेल्स स्कूल तथा देशबन्धु कॉलेज के स्टुडेंट रहे शांतनु ने सरदार उधम, हज़ारों ख़्वाहिशें ऐसी और परिनिता जैसी फिल्मों का भी संगीत दिया है। वे सन 2002 में मुंबई में शिफ्ट हो गए थे। जुबैदा और मानसून वैडिंग में अपने सशक्त अभिनय से सबका ध्यान खींचने वाली लिलेट दुबे का मायका सफदरजंग एंक्लेव मेंहै। लेडी श्रीराम कॉलेज की स्टुडेंट रही लिलेट के पिता उत्तर रेलवे में जनरल मैनेजर और मां डॉक्टर थे।
दिल्ली फूडीज का शहर है और उसने मुंबई को दिया देश का चोटी का शेफ हेमंत ओबराय। किशनगंज रेलवे कॉलोनी वाले हेमंत ओबराय की पाक कला के मुरीद अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर रतन टाटा रहे हैं। वे मुंबई के ताज होटल के डायरेक्टर शेफ थे। अटल जी के निर्देश पर हेमंत ओबराय ने ही 2001 में पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के लिए वेज-नॉन वेज डिशेज पकाई थीं।
इस बीच, मुंबई में बसे लाजपत नगर वाले यस बैंक के फांउडर राणा कपूर फंसे हुए हैं। उन पर यस बैंक में हेरा-फेरी करके करोड़ों रुपए का घोटाला करने के आरोप हैं। राणा कपूर श्रीराम कॉलेज आफ कॉमर्स में पढ़े हैं। राणा कपूर ने अपनी दो बेटियों की शादी दिल्ली में ही की है। उनकी बड़ी बेटी राखी की शादी दिल्ली के बिजनेसमैन अलकेश टंडन से हुई थी। अलकेश टंडन कजिन है स्टील किंग लक्ष्मी मित्तल के दामाद अमन भाटिया का। इस शादी में महान टेनिस खिलाड़ी बोरिस बेकर आए थे।
Vivek Shukla
Navbharattimes ( Saddi Dilli) 9 December, 2021 के संपादित अंश.
Pictures- SRK and Hemant Oberoi.