Quantcast
Viewing all articles
Browse latest Browse all 3437

अजय सिंह की लंबी छलांग के पीछे कौन?/ विवेक शुक्ला

 कौन है शाहरुख खान का दोस्त अजय सिंह


एयर इंडिया को खरीदने के लिए टाटा ग्रुप के अलावा दावा स्पाइस जेट के प्रमोटर अजय सिंह ने भी किया है। अगर एयर इंडिया अजय सिंह की झोली में आ गई तो आप फख्र कर सकेंगे कि एक पक्का दिल्ली वाला एयर इंडिया का मालिक बन गया है। अजय सिंह सेंट कोलंबस स्कूल से हैं। सेंट कोलंबस स्कूल में उन्हें 1982 में स्वोर्ड ऑफ ऑनर मिला था। पढ़ाई, खेल कूद और अन्य गतिविधियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्टुडेंट्स को सेंट कोलंबस में स्वोर्ड ऑफ ऑनर मिलता है। 


शाहरुख खान को उनके बाद में यह सम्मान मिला था। अजय सिंह और शाहरुख खान सेंट कोलंबस स्कूल की क्रिकेट टीम में भी थे। हालांकि अब अजय सिंह भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष हैं। तो क्या अजय सिंह से पीछे छूट गई है क्रिकेट? उन्होंने स्कूल के बाद आईआईटी, दिल्ली को ज्वाइन किया।


 आईआईटी के बाद वे दिल्ली यूनिवर्सिटी की लॉ फैक्ल्टी के भी स्टुडेंट रहे। वे सिर्फ बिजनेस ऐड्मिनिस्ट्रेशन की डिग्री लेने के लिए दिल्ली से बाहर गए थे। यह डिग्री उन्होंने अमेरिकी की कार्नल  यूनिवर्सिटी से ली थी। वे जहां भी पढ़े टॉपर रहे।


कालिंदी कॉलोनी वाले अजय सिंह


आप जब ईस्ट दिल्ली या नोएडा से रिंग रोड पर आश्रम पर होते हैं तो सड़क के बायीं तरफ है कालिंदी कॉलोनी। साउथ दिल्ली की पॉश महारानी बाग कॉलोनी के साथ है कालिंदी कॉलोनी। यहां पर अजय सिंह का परिवार गुजरे करीब 50 सालों से रहता है।


 अजय सिंह के पिता ने यहां पर घर बनवाया था। स्पाइसजेट के चेयरमेन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह पहली पीढ़ी के आंत्रप्यनोर हैं। कहा जाता है कि उनके परिवार में उनसे पहले किसी ने बिजनेस नहीं किया है।


 यह बात कम लोगों को मालूम होगी कि वे 1996 में डीटीसी की कायाकल्प कर रहेथे। तब दिल्ली में मदन लाल खुराना मुख्यमंत्री थे। उनकी सरकार में परिवहन मंत्री राजेन्द्र गुप्ता ने अजय सिंह को डीटीसी के काम में सुधार की जिम्मेदारी दी। अजय सिंह ने उस दौरान डीटीसी के बेड़े का बड़े स्तर पर विस्तार किया था और नए-नए रूट शुरू करवाए थे।


 उन्होंने बाहरी दिल्ली और ग्रामीण दिल्ली में भी डीटीसी बसों के रूट चालू करवाए थे। वे दूरदर्शन से भी जुड़े रहे। उनकी सरपरस्ती में ही डीडी स्पोर्ट्स और डीडी न्यूज शुरू हुआ।  यानी अजय सिंह ने बहुत से क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। 


अब यह देखने वाली बात होगी कि क्या वे उस एयर इंडिया के चेयरमेन बनेंगे जिसे जेआरडी टाटा ने 1932 में टाटा एयरलाइन  के नाम से शुरू किया था। हालांकि बाद में इस कंपनी का राष्ट्रीयकरण हो गया और यह सरकार के पास आ गई थी।


 देश की जुबान पर आ गया था उनका लिखा नारा


अजय सिंह सेंट कोलबंस स्कूल के दिनों से क्रिएटिव राइटिंग भी करने लगे थे। वे स्कूल के प्रिंसिपल ब्रदर पिंटो के फेवरेट स्टुडेंट थे। ब्रदर पिंटो ने एक बार उन्हें कहा था कि तुम आकाश को जरूर छुओगे। यह बात सच साबित हुई। अजय सिंह ने एविएशन की दुनिया के आकाश को छुआ। उनके स्कूल के कार्यक्रमों में बनाए पोस्टर सबको अपने कंटेट के चलते प्रभावित करते थे। 


वे कुछ हटकर होते थे। उनके सेंट कोलंबस स्कूल के एक जूनियर दीपक बताते हैं कि हमारे स्कूल में पढ़ने या स्पोर्ट्स में अच्छा करने वाले तो बहुत थे। पर अजय सिंह क्रिएटिव राइटिंग में भी बेहतरीन थे। उनका यह गुण आगे चलकर सारे देश के सामने आया जब  उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव के वक्त नारा लिखा था‘ अबकी बार मोदी सरकार’। 


इस नारे ने तब धूम मचा दी थी। हालांकि उन्होंने कभी इस बात का क्रेडिट लेने की कोशिश नहीं की। कोई और होता तो बार-बार सुनाता कि उसने यह नारा लिखा था। अजय सिंह हालांकि सारी दुनिया में अपने कामकाज के सिलसिले में घूमते हैं, पर उनके करीबी बताते हैं कि उन्हें सबसे बेहतर शहर दिल्ली ही लगता है। इसकी सड़कें, शख्सियतें, पेड़, परिंदें, लोग वगैरह।

Vivekshukladelhi@gmail.com 

Navbharattimes 18 September 2021

Picture: Ajay Singh


Viewing all articles
Browse latest Browse all 3437

Trending Articles



<script src="https://jsc.adskeeper.com/r/s/rssing.com.1596347.js" async> </script>